03 अक्टूबर से 19 दिसंबर तक आयोजित होंगे सम्पूर्ण समाधान दिवस, जनपद स्तरीय रोस्टर जारी
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस 03 अक्टूबर को तहसील अकबरपुर में होगी आयोजित
अभिनव अग्निहोत्री
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद कानपुर देहात में माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित किए जाने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस हेतु 03 अक्टूबर 2026 से 19 दिसंबर 2026 तक का तहसीलवार रोस्टर जारी कर दिया गया है। इस संबंध में जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार द्वारा कार्यालय ज्ञाप जारी किया गया है।
जारी निर्देशों के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को किया जाएगा। कार्यक्रम में जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। विभिन्न तहसीलों में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी तथा अपर जिलाधिकारी स्तर के अधिकारी अध्यक्षता करेंगे तथा पुलिस एवं अन्य विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में शिकायतों का निस्तारण कराया जाएगा।
जारी रोस्टर के अनुसार 03 अक्टूबर 2026 को तहसील अकबरपुर में जिलाधिकारी, भोगनीपुर में मुख्य विकास अधिकारी, डेरापुर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) तथा मैथा में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता की जाएगी। इसी प्रकार आगामी निर्धारित तिथियों 17 अक्टूबर, 07 नवम्बर, 21 नवम्बर, 05 दिसम्बर एवं 19 दिसम्बर 2026 को विभिन्न तहसीलों में रोस्टर के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम संचालित किया जाएगा।
निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित तिथि पर सार्वजनिक अवकाश होता है तो सम्पूर्ण समाधान दिवस अगले कार्यदिवस में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाएगी।
जनपद के समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर प्रातः 10:00 बजे उपस्थित होकर सम्पूर्ण समाधान दिवस में सहभागिता सुनिश्चित करें तथा प्राप्त शिकायतों के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करें।