भारी वर्षा के दृष्टिगत 26 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित
अभिनव अग्निहोत्री
कानपुर देहात। जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा एवं अतिवृष्टि की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा एवं जनहित में दिनांक 26 सितंबर 2026 को जनपद के समस्त विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।
अवकाश में शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी
प्रभारी जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार जनपद में संचालित समस्त बोर्डों के अधीन विद्यालयों, जिनमें माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड, आईसीएसई बोर्ड, मान्यता प्राप्त, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालय शामिल हैं, की कक्षा 01 से कक्षा 12 तक की समस्त शैक्षणिक गतिविधियां दिनांक 26 सितंबर 2026 को स्थगित रहेंगी।
आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराएं, दिए निर्देश
प्रभारी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आदेश के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।