कानपुर देहात। रनियां में संचालित एक पाइप फैक्ट्री के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में एक डीसीएम चालक की मौत हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन के लोग शव को एक निजी एंबुलेंस में रखवाकर उसे माती स्थित ओवरब्रिज के नीचे लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए। आक्रोशित परिजनों ने फैक्ट्री पहुंच जमकर हंगामा किया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी नाराज परिजनों को समझाते रहे।

उमरन गांव के मजरा शिवनाथ पुरवा निवासी थे जय सिंह
उमरन गांव के मजरा शिवनाथ पुरवा निवासी जय सिंह (50) खानपुर खड़ंजा रोड पर स्थित एक लोहे के पाइप बनाने वाली कंपनी में डीसीएम चालक था। बताया जाता है कि सोमवार की सुबह वो ड्यूटी पर पहुंचा और दोपहर तक काम किया इसके बाद अचानक उसकी तबियत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन के लोग उसे निजी वाहन से लेकर अकबरपुर पहुंचे और बिना किसी अस्पताल में दाखिल कराए माती ओवरब्रिज के नीचे एक निजी एंबुलेंस बुलाकर शव उसमें रखकर भाग निकले।

हंगामे की सूचना पर एडीएम प्रशासन अमित कुमार,बताचीत
परिजनों ने बताया कि करीब दो घंटे तक परिजनों को सूचना नहीं दी। फैक्ट्री से जानकारी के बाद परिजन ढूंढते हुए वहां पहुंचे और शव एंबुलेंस में रखा देख आग बबूला हो गये। इसके बाद परिजन फैक्ट्री पहुंचे और शव रखकर जमकर बवाल काटा। सूचना पर एडीएम प्रशासन अमित कुमार, सीओ सदर संजय सिंह, तहसीलदार पवन कुमार, मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को शांत कराया। इस संबंध में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार गौतम ने बताया कि परिजन लापरवाही से मौत पर मुआवजे की मांग कर रहे हैं, दोनों पक्षों में बातचीत चल रही है।