कानपुर देहात। शिवली कस्बे के गांधीनगर मोहल्ले में शनिवार देर शाम एक युवक ने खेतों पर बनी ट्यूबवेल की कोठरी के छज्जे के कुंडे से रस्सी के सहारे संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। देर रात घटना की खबर लगते ही परिजनों के बीच चीख पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नगर पंचायत शिवली के गांधीनगर मोहल्ला निवासी अभिषेक मिश्रा उर्फ रोहित (32) के घर पर शनिवार को उसके बाबा की श्राद्ध का कार्यक्रम था। शाम करीब 6 बजे अपने रिश्तेदारों को बस स्टैंड तक छोड़ने के लिए गया था। रिश्तेदारों को विदा करने के बाद वह वापस घर नहीं पहुंचा और वह सीधे अपने खेतों की तरफ चला गया। खेतों पर उसने रजोल मिश्रा के खेत पर बनी ट्यूबवेल की कोठरी के बाहर निकले छज्जे के कुंडे से रस्सी के सहारे संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। देर शाम तक अभिषेक मिश्रा जब घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई लेकिन कोई पता न चलने पर परिजनो ने पुलिस को मामले की सूचना दी। देर रात तक पुलिस व परिजन तलाश करते रहे तभी अभिषेक का शव फांसी के फंदे पर लटकता हुआ दिखाई पड़ा। यह देख परिजनों के बीच चीख पुकार मच गई । मृतक की मां निशा पत्नी सोनी,पुत्री भूमि,पुत्र रूद्र भाई शिवम का रो रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने बताया कि बेहद मिलनसार,हंसमुख अभिषेक का यूं जाना सबको कष्टकारी लग रहा है।कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।