बृजबिहारी द्विवेदी, ब्यूरो चीफ
कानपुर देहात। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रसूलाबाद क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में शनिवार को पहुंचे। यहां पहुंच कर उन्होंने स्वर्गीय रवींद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, स्वास्थ्य व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर जमकर निशाना साधा। हालाकि उन्होंने रसूलाबाद की जनता का मन छूने का प्रयास किया। कहा कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर इसे लखनऊ के बस स्टैंड की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि आज प्रदेश का युवा रोजगार की तलाश में भटक रहा है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) अब लोगों के जीवन का हिस्सा बन चुका है। खेती-किसानी से लेकर युवाओं तक हर क्षेत्र में इसकी जरूरत है। सरकार बनने पर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने जो भी वादे किए, उन्हें पूरा किया। चाहे युवाओं को लैपटॉप देने की योजना हो या नौकरी और रोजगार देने का काम। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने रसूलाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की खराब पड़ी लिफ्ट का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार को कागजों पर योजनाएं दिखाने के बजाय अस्पतालों की व्यवस्थाएं ठीक करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई और बेरोजगारी से जनता परेशान है।
लालपुर व मड़ौली कांड के बहाने चलाए सियासी तीर
इस दौरान उन्होंने झींझक के खजांची प्रकरण का जिक्र करते हुए नोटबंदी को सरकार की बड़ी विफलता बताया और कहा कि नोटबंदी से जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मैथा क्षेत्र के लालपुर गांव में बलवंत हत्याकांड और मड़ौली गांव में मां-बेटी की जलकर मौत के मामलों का उल्लेख करते हुए भी उन्होंने सरकार को घेरा।
ब्राह्मणों पर डाले डोरे बोले गाड़ी कैसे पलटी रहस्य
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जनता के साथ धोखा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यों को लेकर जनता सब समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में गाड़ियां पलटती हैं। अब सोचने का विषय है कि गाड़ी पलटती है या पलटाई जाती है।
उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के बाद वह लखनऊ से रसूलाबाद आएंगे और कन्नौज लोकसभा क्षेत्र के लोगों को समय देकर उनकी समस्याएं सुनेंगे। अखिलेश यादव ने दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और जनता भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देगी।
इस दौरान स्वर्गीय रवींद्र सिंह के भाई कर्नल जितेंद्र सिंह, प्रधान सुंदरी देवी, प्रधान प्रतिनिधि पुनीत यादव, पूर्व प्रधान वीरेंद्र सिंह यादव, योगेंद्र सिंह यादव, ब्रजेंद्र सिंह यादव ,पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवकुमार बेरिया, सपा नेत्री नीलम कठेरिया, जिला अध्यक्ष अरुण कुमार उर्फ बबलू राजा, जिला उपाध्यक्ष हाजी फैजान खान, डॉ नरेंद्र कुमार, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेश यादव , जयवेन्द यादव ,राजू सिंह गौर, आलोक रत्न सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था में रसूलाबाद पुलिस क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार, रसूलाबाद कोतवाल एसएन सिंह, उप निरीक्षक रामप्रकाश, प्रमोद दीक्षित, केशव देव, संजय वर्मा, नरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल अजय गुर्जर शैलेंद्र सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।