Skip to main content

Sunaad News

Blog Post

Sunaad News > उत्तर प्रदेश > प्रदेश सरकार का निर्णय-अंशकालिक अनुदेशक अब पाएंगे 17 हजार रुपए प्रतिमाह

प्रदेश सरकार का निर्णय-अंशकालिक अनुदेशक अब पाएंगे 17 हजार रुपए प्रतिमाह

Spread the love

अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय वृद्धि के उपलक्ष्य में सम्मान समारोह कार्यक्रम का हुआ आयोजन

 मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में लोकभवन लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को देखा गया

कानपुर देहात में मंत्री स्वतंत्र प्रभार द्वारा अनुदेशको को प्रतीकात्मक चेक देकर किया गया सम्मानित

कानपुर देहात। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लोकभवन लखनऊ में आयोजित बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत 24,717 अंशकालिक अनुदेशकों की मानदेय वृद्धि (01 अप्रैल, 2026 से ₹9,000 से बढ़ाकर ₹17,000 प्रतिमाह) के उपलक्ष्य में अनुदेशक सम्मान समारोह एवं चेक वितरण कार्यक्रम के सजीव प्रसारण का जनपद कानपुर देहात में इको पार्क, माती में भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में  राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत सिंह पाल, विधायक रसूलाबाद पूनम संखवार,जिलाध्यक्ष भाजपा रेणुका सचान, जिलाधिकारी कपिल सिंह,मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल व संबंधित अधिकारी, अनुदेशक व शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी द्वारा अनुदेशकों को प्रतीकात्मक चेक वितरित कर सम्मानित किया गया।

कानपुर देहात के 196 अनुदेशकों को बढ़े मानदेय का मिलेगा लाभ

मंत्री स्वतंत्र प्रभार अजीत सिंह पाल ने कहा कि अंशकालिक अनुदेशकों ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की अलख जगाने, बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा, स्वास्थ्य शिक्षा, कला, खेल एवं अन्य विषयों से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी जी के निर्णय के अनुसार 01 अप्रैल 2026 से अनुदेशकों का मानदेय ₹9,000 से बढ़ाकर ₹17,000 प्रतिमाह किया गया है, जिससे लाखों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि जनपद कानपुर देहात के 196 अनुदेशकों को इस मानदेय वृद्धि का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विद्यालयों में कायाकल्प अभियान के माध्यम से आधारभूत सुविधाओं का विकास किया गया है तथा स्कूल चलो अभियान से नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। डीबीटी प्रणाली के माध्यम से छात्रों एवं अभिभावकों को पारदर्शी तरीके से लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा अनुदेशकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सभी अनुदेशकों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करने का आह्वान किया।

 

विधायक पूनम संखवार ने ऐतिहासिक निर्णय 

विधायक रसूलाबाद पूनम संखवार ने अपने संबोधन में कहा कि यह एक ऐतिहासिक निर्णय है, जो सरकार की संवेदनशीलता एवं अनुदेशकों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने अनुदेशकों से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने की अपील की। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि शासन द्वारा बढ़ाए गए मानदेय का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित कराया जाएगा तथा अनुदेशकों को अन्य अनुमन्य लाभ भी उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने अनुदेशकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे शासन के निर्देशों एवं मार्गदर्शन के अनुरूप बच्चों को, अपना बच्चा मानकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। प्रशासन आपके सदैव साथ है। कार्यक्रम में अनुदेशकों द्वारा अपने बढें हुए मानदेय को लेकर माननीय मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त किया गया । कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद,अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सर्वेश कुमार, डीसी नरेगा अशोक कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय मिश्र, सहित समस्त खंड शिक्षाधिकारी, अनुदेशकों एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *