गैस का कोई संकट नही,कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई-डीएम
गैस एजेंसियों की जांच हेतु तहसीलवार जांच टीमों का हुआ गठन
निर्बाध एवं पारदर्शी आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु प्रशासन ने उठाये सख्त कदम
कानपुर देहात।जनपद में उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर की निर्बाध, पारदर्शी एवं निर्धारित मूल्य पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कपिल सिंह द्वारा अपने कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण आकस्मिक आंतरिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार तथा जिला पूर्ति अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए तहसीलवार जांच टीमों के गठन के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के आदेशानुसार जनपद की सभी तहसीलों—अकबरपुर, भोगनीपुर, मैथा, सिकंदरा, डेरापुर एवं रसूलाबाद—में गैस एजेंसियों की नियमित जांच के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसीलदार अथवा नायब तहसीलदार तथा संबंधित पूर्ति निरीक्षक को शामिल करते हुए जांच टीम का गठन किया गया है। ये टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित गैस एजेंसियों का नियमित रूप से निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करेंगी कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर निर्धारित मूल्य पर ही उपलब्ध कराया जा रहा है या नहीं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जांच के दौरान गैस एजेंसियों के उपलब्ध स्टॉक, वितरण रजिस्टर, उपभोक्ताओं को दी जा रही रसीदें, मूल्य सूची तथा वितरण व्यवस्था का गहन परीक्षण किया जाए। साथ ही गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में किसी प्रकार की अनियमितता, अवैध जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा उपभोक्ताओं के साथ अनुचित व्यवहार पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से गैस एजेंसियों की नियमित निगरानी और जांच की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को समय रहते रोका जा सके और आमजन को बिना किसी असुविधा के घरेलू गैस उपलब्ध हो सके।
24 घंटे का करेगा कंट्रोल रूम नंबर जारी
इसकेअतिरिक्त जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में घरेलू गैस की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु 24×7 कंट्रोल रूम की स्थापना भी की गई है। उपभोक्ता गैस वितरण से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत को मोबाइल नंबर 7839564647 पर दर्ज करा सकते हैं, जिस पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि गठित जांच टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रूप से भ्रमणशील रहते हुए गैस एजेंसियों की जांच करें तथा जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं अपनी आख्या जिला पूर्ति अधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को प्रस्तुत करें, ताकि आवश्यकतानुसार आगे की प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
