मुख्यमंत्री के नेतृत्व में नवचयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरण एवं 4,300 लाभार्थियों को ₹215 करोड़ की कृषक दुर्घटना सहायता राशि वितरण कार्यक्रम का जनपद में हुआ सजीव प्रसारण
अभिनव अग्निहोत्री
कानपुर देहात। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा राजस्व विभाग हेतु निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से नवचयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरण तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत प्रदेश के 4,300 लाभार्थियों को ₹215 करोड़ की सहायता राशि वितरण कार्यक्रम का जनपद में सजीव प्रसारण किया गया।
इस अवसर पर माननीय राज् मंत्री प्रतिभा शुक्ला, अन्य माननीय जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी कपिल सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), संबंधित अधिकारीगण एवं योजना के लाभार्थियों ने कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा एवं माननीय मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन को मां मुक्तेश्वरी कलेक्ट्रेट सभागार में सुना।
जनपद में 194 कृषक दुर्घटना लाभार्थियों के खातों में ₹8.80 करोड़ की धनराशि अंतरित
जनपद कानपुर देहात में योजना के अंतर्गत कुल 194 कृषक दुर्घटना लाभार्थियों के बैंक खातों में ₹8 करोड़ 80 लाख की सहायता धनराशि अंतरित की गई। इस सहायता राशि से दुर्घटना में प्रभावित कृषक परिवारों को आर्थिक संबल एवं राहत प्रदान करने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के माध्यम से पात्र लाभार्थियों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाने की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंकित शुक्ला, उप जिलाधिकारी अकबरपुर राजकुमार पाण्डेय, तहसीलदार अकबरपुर पवन कुमार सहित लाभार्थीगण आदि उपस्थित रहे।