पुलिस हिरासत में लिए गए युवक की हुई मौत

 

सुनाद न्यूज

13 नवंबर 2022

कानपुर देहात। जिले के शिवली क्षेत्र में लूट की वारदात के मामले में हिरासत में लिये गये युवक की मौत के सिलसिले में नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पिछली छह दिसंबर को एक व्यापारी के साथ हुई लूट की वारदात के शक में पुलिस ने लालपुर सरैया निवासी बलवंत सिंह (27) को रनिया से हिरासत में लिया था। पूछताछ के लिए उसे रनिया थाना में बिठाया हुआ था। पुलिस के सूत्रों के मुताबिक सीने में दर्द हुआ तो पुलिस सोमवार रात तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची जहां इलाज के दौरान बलवंत की मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचे बलवंत के पारिवारिक भाई सचिन ने पुलिस पर बलवंत को पीट-पीटकर मार देने का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस अधीक्षक व अपर पुलिस अधीक्षक के साथ कई थानों की फोर्स पहुंच गई और परिजनों को दोषियों के ऊपर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाते हुए शांत कराया है।

पुलिस अधीक्षक सुनीति ने बताया कि छह दिसंबर को एक लूट की घटना के खुलासे के लिए एसओजी टीम व पुलिस टीम काम कर रही थी जिसको लेकर संदिग्ध लोगों से पूछताछ चल रही थी। पूछताछ के लिए बलवंत को बुलाया गया था और वह खुद ही थाने आया था इस दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई जिसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया जहां पर इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
उन्होंने बताया कि परिजनों के द्वारा जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं उन आरोपों की निष्पक्ष जांच के लिए तत्काल प्रभाव से एसओजी प्रभारी सहित नौ पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *