जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात किए जाएंगे होमगार्ड

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विशेष संचारी रोग नियंत्रण/दस्तक अभियान की अन्तर्विभागीय बैठक सम्पन्न।

 

जनपद में 01 से 31 अक्टूबर, 2022 तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं 07 से 21 अक्टूबर, 2022 तक चलेगा दस्तक अभियान।

   सुनाद न्यूज

23 सितम्बर, 2022। 

 

 कानपुर देहात – शासन के निर्देशानुसार संचारी रोगों तथा दिमागी बुखारों पर प्रभावी नियंत्रण व इनके त्वरित सुचारू इलाज हेतु जिलाधिकारी नेहा जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 से 31 अक्टूबर, 2022 तक एवं दस्तक अभियान 07 से 21 अक्टूबर, 2022 तक चलाया जायेगा। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सम्बन्धित विभागों के अधिकारी संचारी रोग नियंत्रण हेतु अपने विभागों द्वारा संपादित की जाने वाली गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालन करें। उन्होने यह भी कहा कि इस दौरान स्वच्छता, साफ-सफाई सहित वेक्टर जनित वातावरण को समाप्त करने आदि गतिविधियां की जाएं, और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया जाय।

जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि संचारी रोग नियंत्रण/दस्तक अभियान के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं आशाओं द्वारा घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोग के प्रति जागरूक करेंगी। दस्तक अभियान के दौरान आशा अपने किये गये कार्यो की सूचना प्रतिदिन भरकर ए0एन0एम0 को उपलब्ध करायेंगी। स्वास्थ्य आई0सी0डी0एस0/पंचायत/नगर निकाय सम्बन्धित विभाग के संचारी रोग नियंत्रण/दस्तक अभियान की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिये सम्बन्धित विभाग आगे आकर इस अभियान को सफल बनायें। सभी सम्बन्धित विभाग अपने-अपने यहां कन्ट्रोलरूम की स्थापना करें। और इस अभियान के दौरान किये गये कार्याे की समीक्षा भी करेंगे। उन्होने सभी सम्बन्धित विभागों को कार्ययोजना बनाकर कार्यवाही करने का निर्देश दिये। जिला होमगार्ड कमांडेंट ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था हेतु समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में दो-दो होमगार्ड लगाए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों व दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण तथा इनका त्वरित सही उपचार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि अभियान में आशा व आंगनबाड़ी साथ मे अनिवार्य रूप से भ्रमण करे, यह प्रत्येक दशा में सुनिश्चित कराया जाए। उन्होने यह भी निर्देश दिया है कि संचारी रोग नियंत्रण/दस्तक अभियान के दौरान जन जागरूकता कार्यक्रम, एण्टी लार्वा व फॉगिंग कराई जायेगी। इसके साथ ही विभिन्न प्रचार माध्यमों से मच्छरों से बचाव हेतु घरों की खिड़की, दरवाजों पर जाली लगाने व सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करने तथा वेक्टर जनित वातावरण को समाप्त करने की जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया जायेगा। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि सभी अपर मुख्य चिकित्साधिकारियों/उप मुख्य चिकित्साधिकारियों/प्रभारी चिकित्साधिकारियों का सवेंदीकरण तथा प्रभारी चिकित्साधिकारियों द्वारा ब्लाक स्तर पर ए0एन0एम0 व आशा का सवेंदीकरण तथा विकासखण्ड स्तर पर खण्ड विकास अधिकारियों द्वारा ग्राम प्रधानों का सवेंदीकरण तथा विकासखण्ड स्तर पर ही खण्ड शिक्षा अधिकारियों द्वारा सभी स्कूलों से नामित अध्यापकों का संचारी रोग एवं दिमागी बुखार पर प्रभारी नियंत्रण हेतु सवेंदीकरण किया जाए, ताकि जन-जन को जागरूक कर लोगों को पैदा होने वाले संचारी रोगों से जन-जन को बचाया जा सके।

जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार द्वारा जारी कोविड-19 की गाइडलाइन का अनुपालन कराते हुए कार्यक्रम का संचालन कराया जाए। उन्होने निर्देश दिया कि संचारी रोगों तथा दिमागी बुखार से सम्बन्धित रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु जनपद, ब्लाक तथा पंचायत व ग्राम स्तरों पर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को सफल बनायें। समस्त संबंधित विभाग अपनी अपन-अपनी कार्ययोजना बनाकर शीघ्र उपलब्ध कराएं।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सौम्या पांडेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर ए के सिंह, डीएफओ एके द्विवेदी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 एसएल वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित समस्त खण्ड विकास अधिकारीगण सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण एवं प्रभारी चिकित्साधिकारीगण उपस्थित रहे।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *