एपीके फाइल भेज ठगे पांच लाख से ज्यादा, 91 हजार रुपये कराए पुलिस ने वापस,और पैसे वापस कराने का प्रयास जारी
कानपुर देहात। साइबर ठग द्वारा आरटीओ द्वारा चालान किए जाने की बात कहकर भेजी गई एपीके फाइल को खोलते ही मोबाइल हैक कर ठगी करते हुये एक युवक के खाते से पांच लाख चौरासी हजार रुपये निकाल लिए गए थे। शिकायत पर शिवली कोतवाल के निर्देशन पर काम कर रही साइबर सेल टीम द्वारा प्रयास कर 91 हजार 6 सौ75 रुपए वापस दिलवाए गए।
शिवली कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शिवली कोतवाली क्षेत्र के शेखुपुर गांव निवासी मोहम्मद मोबिस को साइबर ठग द्वारा आरटीओ द्वारा चालान किए जाने का झांसा देकर एपीके फाइल भेजी गई। मोहम्मद मोबीस ने जैसे ही फाइल खोली तो साइबर ठग ने उसका मोबाइल हैक कर लिया और उसके बैंक खाते से 5 लाख 84 हजार रुपये निकाल लिए। जिसकी शिकायत ठगी का शिकार हुए युवक द्वारा एनसीआरपी हेल्पलाइन नंबर पर ऑनलाइन की गई थी। शिकायत पर शिवली थाने की साइबर सेल टीम द्वारा प्रयास करके युवक के खाते में 91 हजार 6 सौ 75 रुपए वापस करवाए गए, शेष धनराशि की वापसी हेतु कार्यवाही की जा रही है। शिवली थाने की साइबर सेल टीम द्वारा रुपए वापस करवाए जाने पर ठगी का शिकार हुये युवक द्वारा शिवली कोतवाल व साइबर सेल टीम के उपनिरीक्षक अजय कुमार,सिपाही अतुल कुमार व महिला आरक्षी प्रीति सोनकर की सराहना की जा रही है।