कानपुर देहात। रनियां औद्योगिक क्षेत्र के जरिहा रोड पर स्थित टायर आयल फैक्ट्री में सोमवार की शाम आग लग गई। भीषण अग्निकांड में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दोनो मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
जरिहा रोड पर टायर जलाकर तेल निकालने वाली कंपनी
मालूम हो कि जरिहा रोड पर कानपुर नगर निवासी एक व्यक्ति की फैक्ट्री संचालित है। इसमें टायर को जलाकर उससे तेल निकाला जाता है। सोमवार को फैक्ट्री में बने भंडारण टैंक से टैंकरों में तेल लोड किया जा रहा था, कि तभी अचानक एक टैंक में आग लग गई। घटना के समय दो लोग टैंक के ऊपर चढ़कर कुछ काम कर रहे थे।
आग की लपटें देख दौड़े ग्रामीण,अधिकारी मौके पर पहुंचे
आग की ऊंची लपटें देख आस-पास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना पर एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, एएसपी आलोक प्रसाद,एसडीएम सदर राजकुमार पांडेय,तहसीलदार पवन कुमार, सीएफओ प्रतीक श्रीवास्तव, सीओ सदर संजय सिंह सहित कई थानों रनियां व गजनेर पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। शाम साढे़े पांच बजे लगी आग करीब दो घंटे बाद साढे़े सात बजे बुझी। एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि फैक्ट्री में हुए अग्निकांड में अभी तक दो लोगों के शव मिले है।