कानपुर देहात। डीएपी खाद के लिए दर दर भटकना पड़ रहा है। किसानों को रवी फसल की बुवाई करने के लिए पुलिस के साए में घंटों लाइन में खड़े होकर डीएपी खाद लेनी पड़ी। इफ्को बाजार केंद्र शिवली में मंगलवार को डीएपी खाद वितरण किये जाने की जानकारी मिलते ही सुबह से ही किसानो की भारी भीड़ जमा हो गई। भारी भीड़ इकट्ठी हो जाने पर केंद्र प्रभारियों को पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस के साये में दो सैकड़ा डीएपी बोरी खाद का वितरण किया गया।
शिवली में दो सौ बोरी डीएपी खाद का किया गया वितरण
क्षेत्रीय किसान अपनी फसलों की बुआई के लिए पिछले कई दिनों से सहकारी समितियों के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन सचिवों के हड़ताल पर होने की वजह से उनको डीएपी खाद नहीं मिल पा रही थी। मंगलवार को किसानों को जानकारी हुई की शिवली इफ्को बाजार में डीएपी खाद का वितरण होना है तो सुबह से ही सैकड़ो की तादाद में किसान पहुंच गए और वहां डेरा डाल दिया। एक एक बोरी खाद पाने के लिए सभी किसान जोर आजमाइश कर रहे थे। केन्द्र प्रभारी अभिषेक पांडेय द्वारा शिवली कोतवाल को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाल ने इफ्को केन्द्र पर पुलिस तैनात कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसानों को समझा कर कतार लगवा कर डीएपी खाद का वितरण शुरू करवाया।देर शाम तक किसानों को 200 बोरी डीएपी खाद का वितरण किया जा सका। केंद्र प्रभारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि मात्र 500 बोरी डीएपी खाद आई है। जिसका विवरण किया जा रहा है।और खाद मंगवाई गई है जिसे किसानों को वितरित किया जाएगा। खाद्य वितरण में केंद्र प्रभारी अभिषेक पांडेय एवं प्रतीक शुक्ला को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ा।