अकबरपुर में नए उप निबंधक कार्यालय में कामकाज शुरू
अभिनव अग्निहोत्री
कानपुर देहात। अकबरपुर तहसील में संचालित उप निबंधन कार्यालय को गुरुवार को नया भवन मिल गया। 2 करोड़ 28 लाख 95 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं निबंधन मंत्री रविंद्र जायसवाल ने वर्चुअल माध्यम से भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला एवं जिला पंचायत प्रशासक नीरज रानी मौजूद रहीं। नए भवन के शुरू होने से रजिस्ट्री कराने के लिए आने वाले लोगों के साथ ही अधिवक्ताओं को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस भवन में कार्यालय संचालित होने से रजिस्ट्री संबंधी कार्यों को अधिक व्यवस्थित और सुगम तरीके से संपन्न कराने में मदद मिलेगी। लंबे समय से नए भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। भवन के लोकार्पण से स्थानीय अधिवक्ताओं और क्षेत्रीय लोगों में खुशी का माहौल है। नए भवन के निर्माण से क्षेत्र के नागरिकों और अधिवक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी दुष्यंत मौर्य, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विपिन दीक्षित,मंडल अध्यक्ष आशीष मिश्रा आदि मौजूद रहे।