भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार का यूपी में सोमवार से दो दिवसीय दौरा
24 व 25 अगस्त को भारत निर्वाचन आयोग का प्रतिनिधि मंडल लखनऊ में करेगा दौरा
ELC 2.0 एवं ECINET के क्षेत्रीय सम्मेलन में प्रतिभाग तथा BLOs के साथ करेंगे संवाद
कानपुर देहात। भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आयोग का प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे (24-25 अगस्त 2026) पर आएगा। प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त श्री मनीष गर्ग, महानिदेशक (मीडिया) श्री आशीष गोयल, महानिदेशक (आईटी) डॉ. सीमा खन्ना सहित आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। जानकारी देते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार ने बताया कि
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस दो दिवसीय दौरे का प्रमुख उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को जमीनी स्तर पर और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ ही युवाओं एवं भावी मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ना, उनमें निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देना तथा निर्वाचन तंत्र के महत्वपूर्ण आधार बूथ लेवल अधिकारियों के साथ संवाद कर उनके अनुभवों एवं सुझावों से सीधे रूबरू होना है।
इस दौरान 24 अगस्त को पूर्वाह्न में मुख्य निर्वाचन आयुक्त कॉल्विन तालुकदार कॉलेज के अवध सभागार में विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त की प्रारंभिक शिक्षा कॉल्विन तालुकदार कॉलेज में हुई है। इसके उपरान्त मुख्य निर्वाचन आयुक्त अपराह्न में लखनऊ स्थित इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित ELC 2.0 एवं ECINET पर एक दिवसीय क्षेत्रीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
प्रदेश में ELC & ECINET पर क्षेत्रीय सम्मेलन तीन चरणों लखनऊ, मेरठ तथा वाराणसी में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण में आयोजित लखनऊ के क्षेत्रीय सम्मेलन में 20 जनपद-शाहजहाँपुर, अयोध्या, बाराबंकी, सुलतानपुर, अमेठी, गोण्डा, बहराइच, मैनपुरी, कानपुरनगर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, कन्नौज, प्रतापगढ़, लखनऊ, हरदोई, खीरी, रायबरेली, सीतापुर तथा उन्नाव के उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, मीडिया नोडल अधिकारीगण उपस्थित रहेंगे। साथ ही इन 20 जनपदों के 120 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के 440 शैक्षणिक संस्थानों से लगभग 1500 की संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक तथा महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के प्राचार्य एवं संस्थान प्रमुख प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, व्यवासायिक एवं कौशल विकास विभाग, प्राविधिक शिक्षा एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव/सचिव आदि वरिष्ठ अधिकारीगण भी शामिल होंगे।
भारत निर्वाचन आयोग ने वर्ष 2018 में SVEEP कार्यक्रम के अंतर्गत निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELCs) की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और युवा नागरिकों को लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग की भूमिका एवं कार्यप्रणाली से परिचित कराना था। सूचना एवं संचार के बदलते परिवेश तथा युवाओं के बढ़ते डिजिटल जुड़ाव को देखते हुए अब ELC कार्यक्रम को ELC 2.0 के रूप में पुर्नपरिभाषित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यालयों,महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में ELCs को वर्षभर सक्रिय, अनुभवात्मक और डिजिटल रूप से सक्षम मंच के रूप में विकसित करना है।