Skip to main content

Sunaad News

Blog Post

Sunaad News > कानपुर देहात > कानपुर देहात में स्वातंत्र्य वीरों को यादकर किया नमन

कानपुर देहात में स्वातंत्र्य वीरों को यादकर किया नमन

80वें स्वतंत्रता दिवस पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों/ वीर शहीदों के परिजनों को किया गया सम्मानित

कानपुर देहात 15 अगस्त 2026। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह ने पुखरायां पहुंचकर वीर शहीद लांस नायक उदय नारायण कुशवाहा के आवास पर उनके परिजनों से भेंट की। जिलाधिकारी ने शहीद के परिजनों को सम्मानित करते हुए उनका हाल-चाल जाना तथा उन्हें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने शहीद परिवार के सदस्यों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी कुशलक्षेम जानी तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों का त्याग एवं समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद की समस्त तहसीलों में 30 परिवारों को सम्मानित किया गया। उप जिलाधिकारी एवं अन्य मजिस्ट्रेट अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों/वीर शहीदों के परिजनों के आवास पर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने परिजनों का हाल-चाल जाना, उनकी कुशलक्षेम पूछी तथा उन्हें 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, उप जिलाधिकारी भोगनीपुर आदि उपस्थित रहे। संकलन अभिनव अग्निहोत्री

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *