मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम गायब,डीएम से शिकायत
मैथा तहसील के सुनवर्षा गांव का मामला,ग्रामीणों ने जताया विरोध
कानपुर देहात। मैथा तहसील व विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुनवर्षा में ढाई सैकड़ा लोगों के नाम मतदाता सूची से काट दिए जाने से मतदाताओं के बीच मचा हड़कंप मचा है। नाम कटने से ग्रामीण आक्रोशित है। बड़ी संख्या में वोट काटे जाने की शिकायत जिलाधिकारी की गई है। मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर पात्र व्यक्तियों के नाम पुनः मतदाता सूची में शामिल किए जाने की मांग की गई है।
समाजसेवी व अधिवक्ता अंकित द्विवेदी ने जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायती पत्र दिया
मैथा तहसील व ब्लॉक की ग्राम पंचायत सुनवर्षा निवासी समाजसेवी व अधिवक्ता अंकित द्विवेदी द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायती पत्र में कहा गया है। कि ग्राम पंचायत में स्थाई रूप से निवास कर रहे ढाई सैकड़ा पात्र मतदाताओं के नाम अवैध तरीके से मनमानी करते हुए मतदाता सूची से काट दिए गए है।जबकि पिछली मतदाता सूची में सभी के नाम दर्ज थे। इस वर्ष की प्रारंभिक मतदाता सूची में भी उनके नाम दर्ज थे। अंतिम मतदाता सूची तैयार करते समय नियमों की अनदेखी गई है। 10 जून को प्रकाशित की गई अंतिम मतदाता सूची मे ढाई सैकड़ा मतदाताओं के नाम गायब मिले तो पूरे गांव के मतदाताओं में हड़कंप मच गया। असंतोष व परेशानी का माहौल व्याप्त हो गया। निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को बनाए रखने तथा ग्रामीण जनता को उनके मताधिकार से वंचित होने से बचाने के लिए निष्पक्ष जांच होना और अवैध रूप से काटे गए लोगों को पुनः मतदाता सूची में शामिल किए जाने की मांग की गई है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी मैथा श्याम नारायण शुक्ला ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है जांच करवा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
