गोरखधंधा-प्रशिक्षण की आड़ में बड़ा खेल उजागर,तीन धरे गए
प्रशिक्षण केंद्र की आड़ में धर्म परिवर्तन कराने वाला गिरोह बेनकाब, तीन गिरफ्तार
कानपुर देहात।अकबरपुर पुलिस ने अवैध धर्म परिवर्तन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रशिक्षण केंद्र की आड़ में अनुसूचित जाति के लोगों को बहला-फुसलाकर ईसाई धर्म में परिवर्तित कराने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह के लोग कीमती सामान और नकदी का लालच देकर लोगों का सामूहिक धर्म परिवर्तन कराते थे।
यह कार्रवाई ग्राम निबौली निवासी रामभरोसे की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के आधार पर की गई। पुलिस ने औरैया-कानपुर हाईवे के पास स्थित नवाकान्ती सोसायटी से तीनों आरोपितों को दबोच लिया।
यह तीन आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
गिरफ्तार आरोपितों में डेनियल शरद सिंह निवासी झांसी, हरिओम त्यागी उर्फ इनोस निवासी पातेपुर अकबरपुर और सावित्री शर्मा निवासी नेहरू नगर अकबरपुर शामिल हैं।
प्रशिक्षण के नाम पर चल रहा था धर्म परिवर्तन का बड़ा खेल
एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपित ‘नवाकान्ती सोसायटी’ के नाम से एक व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र संचालित कर रहे थे, जिसका पंजीकरण आंध्र प्रदेश के पते पर दर्शाया गया है। यहां एसी, फ्रिज और फिटर जैसे कोर्सों की ट्रेनिंग के नाम पर लोगों को बुलाया जाता था, जबकि वास्तविक उद्देश्य अनुसूचित जाति के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इसके बदले उन्हें कीमती सामान और नकदी देने का प्रलोभन दिया जाता था।जांच के दौरान हरिओम त्यागी के मोबाइल से प्रार्थना सभाओं और बाइबिल पाठ से जुड़े कई वीडियो और फोटो बरामद किए गए हैं। दस्तावेजों से यह भी पता चला है कि तीनों आरोपित स्वयं भी धर्म परिवर्तन कर चुके हैं। पुलिस को इस नेटवर्क के अंतरप्रादेशिक स्तर पर फैले होने और विदेशों से फंडिंग मिलने के भी साक्ष्य मिले हैं, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है।
