बार बालाओं का डांस पड़ा भारी, प्रधानाध्यापक सस्पेंड
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का जिलाधिकारी ने लिया त्वरित संज्ञान
प्रकरण को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी द्वारा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को जांच करने के दिए निर्देश
कानपुर देहात, 21 सितम्बर 2025।सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो, जिसमें विद्यालय परिसर में अशोभनीय नृत्य प्रस्तुत किए जाने का मामला प्रकाश में आया। पुलिस द्वारा सर्वप्रथम संज्ञान लेकर एफआईआर दर्ज की गई।इस प्रकरण को अत्यंत गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी कपिल सिंह ने तत्काल प्रभाव से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया है कि विद्यालय जैसे पवित्र शिक्षण स्थल पर इस प्रकार की गतिविधि स्वीकार्य नहीं है। यह घटना शिक्षा व्यवस्था की गरिमा और अनुशासन के विपरीत है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा विद्यालय के प्रधानाचार्य को प्रथम दृष्टया दोषी पाते हुए तत्काल प्रभाव से किया गया निलंबित
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रारंभिक जांच में विद्यालय के प्रधानाध्यापक को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया तथा उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, खंड शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।वहीं, जिला पूर्ति अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी की विस्तृत जांच आख्या अभी प्राप्त होना शेष है।
विद्यालयों की अनुशासनहीनता व अशोभनीय गतिविधि पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा है कि विद्यालयों की अनुशासनहीनता अथवा किसी भी प्रकार की अशोभनीय गतिविधि पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध शासन की मंशानुरूप कार्यवाही की जाएगी।
