विकासखंड स्तरीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य शिविर का हुआ आयोजन
बृजबिहारी द्विवेदी
मैथा कानपुर देहात।शनिवार को मैथा विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत मकरंदपुर बंथा में विकासखंड स्तरीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का शुभारंभ ग्राम प्रधान राम आसरे द्वारा गौपूजन एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया।शिविर में सैकड़ों पशुपालकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर पशुओं के लिए निःशुल्क कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा प्रदान की गई तथा मिनरल मिक्सचर, कृमिनाशक एवं कीटनाशक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया।शिविर में डॉ. पंकज सचान, पशु चिकित्सा अधिकारी मैथा ने पशुपालकों को पशुओं के उचित पालन-पोषण, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, पशुओं के स्वास्थ्य तथा उनकी उचित देखभाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।डॉ. श्याम त्रिपाठी, पशु चिकित्सा अधिकारी काशीपुर द्वारा पशुओं में कृत्रिम गर्भाधान एवं पशुधन बीमा योजना के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने पशुपालकों को उन्नत नस्ल के पशुओं के पालन एवं आर्थिक लाभ के लिए वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों को अपनाने हेतु प्रेरित किया।शिविर के दौरान कुल 525 पशुओं को कृमिनाशक दवा दी गई तथा 21 पशुओं का उपचार किया गया।
कार्यक्रम में पशुधन प्रसार अधिकारी गोविंद कुमार, पवन कुमार, अखिलेश्वर नाथ पटेल, पशुमित्र अभिषेक, सुधीर, कुलदीप एवं रोहित तथा क्षेत्र के प्रमुख पशुपालक रघुराज, धनीराम, गंगाराम, सोनेलाल, मूलचंद, रामकिसन सहित बड़ी संख्या में पशुपालक मौजूद रहे।शिविर का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, रोगों की रोकथाम, उन्नत पशुपालन एवं विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा पशुधन की उत्पादकता में वृद्धि करना रहा।