कानपुर देहात। बिना अनुमति के संविधान दिवस पर कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिली। मिलने के बाद गुरुवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रनिया में जमीन पर बैठकर धरना दिया। रनियां पुलिस ने कार्यक्रम की अनुमति न होने की बात कह वहां पर लगाया गया टेंट हटवा दिया था। इस दौरान पूर्व सांसद राजाराम पाल संविधान की किताब लेकर पहुंचे।धरना के दौरान मौजूद पार्टी नेताओं ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शन रनियां नगर पंचायत के नुमाइश मैदान बाजार रोड पर हुआ।
सपा की ओर रनियां में संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को होना था। लेकिन, परमिशन न होने के कारण पुलिस ने कार्यक्रम में रोक लगा दी, और टेंट हटवा दिया। इस पर उपस्थित सपाइयों ने ‘संविधान बचाओ, वोट बचाओ’, ‘बाबा साहब अमर रहें’ आदि नारों के साथ प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी के जिला सचिव सुरेश सक्सेना ने बताया कि बीते 17 नवंबर को कार्यक्रम की अनुमति के लिए एसडीएम कार्यालय में आवेदन दिया था। इसमें 26 नवंबर को सुबह 10 बजे से संविधान दिवस कार्यक्रम की अनुमति मांगी गई थी। कार्यक्रम गुरुवार को दोपहर एक बजे से शाम 5 बजे तक चलना था। पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम राजकुमार पांडेय ने 25 नवंबर को जारी आदेश में अनुमति देने से इनकार कर दिया। आदेश में कहा गया कि इस जगह पर पहले ऐसा कार्यक्रम नहीं हुआ था और पुलिस की मंजूरी भी नहीं मिली थी। इधर, पूर्व सांसद राजाराम पाल ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि करीब एक सप्ताह पहले अनुमति के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया था। इसके बाबजूद कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्यक्रम में रोक लगा दी। इस दौरान सांसद इटावा जीतेंद्र दोहरे, पूर्व सांसद राजाराम पाल, अरुण कुमार बबलू राजा, वीर सेन यादव, अमर सिंह पाल अभय यादव, शानू खान, शेखू खान, रनियां चेयरमैन बिटान दिवाकर, प्रतिनिधि रामकिशोर दिवाकर रहे। एसडीएम सदर राजकुमार पांडेय ने बताया कि रनियां बाजार रोड पर जो जगह तय की गई थी उस जगह पर पहली बार कार्यक्रम करने का प्रस्ताव था। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यक्रम को रोका गया है।