कानपुर देहात। जिला कृषि अधिकारी प्राची पांडेय ने पचास बोरी नकली डीएपी खाद पकड़ी है। साथ ही कानपुर नगर से बनाने वाले प्रतिष्ठान को भी सील किया गया है। दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है।
सोमवार को एक पिकअप में डीएपी खाद पकड़ी गई। संयुक्त जांच टीम को वाहन चालक राम सिंह ने बताया गया कि उक्त उर्वरक घनश्याम निवासी कपूरपुर रूरा कानपुर देहात की है।बिल उनके द्वारा जो दिखाया गया वो मंदाकिनी बीज भंडार का था। इस नाम की फर्म कपूरपुर रूरा कानपुर देहात में पंजीकृत नहीं है। कड़े शब्दों में पूछने पर वाहन चालक द्वारा बताया गया कि गाड़ी कानपुर नगर से लोड हुई है। जिस पर जिला कृषि अधिकारी प्राची पाण्डेय एवं एआर कॉपरेटिव की संयुक्त टीम व पुलिस प्रशासन के साथ मकसूदाबाद जनपद कानपुर नगर पहुंचे। जहां मौके पर नकली डीएपी बनाए जाने का कारोबार पाया गया। जिस पर जिला कृषि अधिकारी कानपुर नगर को बुला कर दुकान सील की कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी को जानकारी देकर उनके निर्देशानुसार सैंपलिंग एवं वाहन चालक राम सिंह व घनश्याम के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के क्लास 7 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 के अंतर्गत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई।