अकबरपुर मंडी में छह में से एक क्रय केंद्र मिला चालू, चार घंटे में सभी छह हुए क्रियाशील
मंडी निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह की नाराजगी के बाद हरकत में आए अधिकारी, शाम चार बजे तक सभी केंद्र चालूधान खरीद में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, प्रत्येक पात्र किसान की उपज खरीदने के निर्देश
कानपुर देहात।उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह के औचक निरीक्षण के बाद उप मंडी स्थल अकबरपुर में धान खरीद की व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दी गईं। बुधवार दोपहर 12:30 बजे निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में स्थापित छह धान क्रय केंद्रों में से केवल एक केंद्र संचालित मिला। इस पर निदेशक ने कड़ी नाराजगी जताते हुए शेष पांच केंद्रों को तत्काल क्रियाशील कराने के निर्देश दिए। निर्देशों के बाद शाम चार बजे तक सभी छह धान क्रय केंद्र क्रियाशील हो गए। निदेशक ने स्पष्ट किया कि धान खरीद शासन की प्राथमिकता का कार्य है और इसमें किसी भी स्तर पर कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।
खरीद प्रक्रिया की नियमित होगी निगरानी,लापरवाही मिलने पर होगी कार्यवाई
निरीक्षण के दौरान निदेशक ने धान खरीद की प्रगति, केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं और खरीद से संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से केंद्रों के संचालन और खरीद की स्थिति की जानकारी ली। निर्देश दिए कि सभी धान क्रय केंद्र निर्धारित समय से संचालित हों और तौल सहित आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। क्रय केंद्रों पर आने वाले किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। उन्होंने खरीद प्रक्रिया की नियमित निगरानी करने और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निदेशक ने क्रय केंद्र पर मौजूद किसानों से भी संवाद किया। उनसे धान खरीद, तौल और अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि क्रय केंद्र पर आने वाले प्रत्येक पात्र किसान का मानकों के अनुरूप धान खरीदा जाए और किसी भी किसान को अनावश्यक रूप से वापस न लौटाया जाए। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये तथा ग्रेड-ए धान का 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। निदेशक ने किसानों को निर्धारित समर्थन मूल्य का पूरा लाभ दिलाने और खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उप मंडी स्थल अकबरपुर के निरीक्षण के बाद सचिव कोणीय निर्देश
इसके बाद निदेशक ने उप मंडी स्थल अकबरपुर के परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंडी परिसर में स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक मिलने पर उन्होंने मंडी सचिव अरुण कुमार यादव की सराहना की। साथ ही नियमित सफाई और निगरानी की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडी में किसानों और व्यापारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का समुचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।