अचेत पड़े युवक की मौत, नही हो पाई शिनाख्त
शिवली कस्बा में एक होटल के समीप का मामला
कानपुर देहात।कस्बा शिवली बस स्टॉप पर एक अज्ञात युवक के अचेत अवस्था में पड़े होने की जानकारी मिलते ही राहगीरों व व्यापारियों के बीच हड़कंप मच गया। बुधवार दोपहर घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस युवक को शिवली अस्पताल लेकर पहुंची जहां पर मौजूद डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने युवक के शव की पहचान करने का काफी प्रयास किया लेकिन पहचान नहीं हो सकी।
नगर पंचायत शिवली बस स्टॉप पर स्थित पवन तनय होटल के पास पेंड़ के नीचे एक करीब 40 वर्षीय व्यक्ति के अचेत अवस्था में पड़े होने की जानकारी मिलते ही भीड़ इकट्ठी हो गई। अज्ञात व्यक्ति के पड़े होने की जानकारी मिलने पर शिवली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और युवक को एंबुलेंस द्वारा शिवली सीएससी लेकर पहुंची जहां पर मौजूद डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। मृतक कत्थई रंग की पैंट व लाइनदार फिरोजी रंग की शर्ट पहने था। कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शव की पहचान करवाने का काफी प्रयास किया गया लेकिन पहचान नहीं हो सकी है शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।संकलन-ब्रज बिहारी द्विवेदी
