खाद्य प्रतिष्ठानों की होगी नियमित जांच-जिलाधिकारी

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के कार्यों एवं जिला स्तरीय स्टीयरिंग कमेटी की बैठक सम्पन्न

कानपुर देहात।जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के कार्यों की समीक्षा तथा जिला स्तरीय स्टीयरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में खाद्य सुरक्षा, मिलावटखोरी पर प्रभावी नियंत्रण तथा औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के बड़े खाद्य प्रतिष्ठानों एवं निर्माण इकाइयों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएं तथा गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने सभी खाद्य कारोबारियों को विशेष अभियान एवं शिविर आयोजित कर खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण से शत-प्रतिशत आच्छादित करने के निर्देश दिए।

लाइसेंस एवं पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन

जिलाधिकारी ने बताया कि खाद्य एवं औषधि से संबंधित प्रतिष्ठानों के लाइसेंस एवं पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन कर दी गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक व्यापारी ऑनलाइन सुविधा का लाभ उठा सकें। बैठक में जनपद में संचालित मीट विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने तथा स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के हेल्पलाइन नंबर 18001805533 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन खाद्य पदार्थों एवं औषधियों से संबंधित शिकायतें आसानी से दर्ज करा सकें।

मिलावटी खाद्य सामग्री के निर्माण व विक्रय पर लगे प्रभावी अंकुश

जिलाधिकारी ने जनपद में मिलावटी खाद्य सामग्री के निर्माण एवं विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सघन प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने औषधि निरीक्षक को निर्देशित किया कि जनपद के मेडिकल स्टोरों का नियमित एवं सघन निरीक्षण किया जाए तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही मिलावटी एवं अवैध दवाओं के विक्रय पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सतत प्रवर्तन कार्यवाही किए जाने पर भी विशेष जोर दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस. एल. वर्मा, जिला आबकारी अधिकारी संजय यादव, जनपद के समस्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी तथा औषधि निरीक्षक अजय कुमार सन्तोषी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *